दिवाली मिलन के बहाने जम्मू पहुंचकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के बाद अब पार्टी जनवरी में दो बड़े राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। सात जनवरी को श्रीनगर में पार्टी संस्थापक मुफ्ती मोहम्मद सैयद की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम होगा, जबकि 10 जनवरी को जम्मू में बड़ी रैली आयोजित करने की तैयारी है। इसके जरिए पीडीपी घाटी के साथ जम्मू संभाग में भी अपनी संगठनात्मक ताकत दिखाना चाहती है।
महबूबा ने हालिया दो दिवसीय जम्मू दौरे के दौरान वरिष्ठ नेताओं और क्षेत्रीय पदाधिकारियों को दोनों कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रमों की अंतिम रूपरेखा और स्थान तय करने का काम वरिष्ठ नेताओं को सौंपा गया है। श्रीनगर में हाल ही में हुई रैली के बाद पार्टी अब घाटी में सक्रियता बनाए रखने के साथ जम्मू में कार्यकर्ताओं को एकजुट करने पर जोर दे रही है।
जम्मू संभाग में पीडीपी का सियासी आधार पिछले कुछ वर्षों में कमजोर हुआ है। ऐसे में पार्टी 10 जनवरी को जम्मू में बड़ी रैली कर अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगी। संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करेग। वर्तमान में पीडीपी जम्मू संभाग में बड़े चेहरों की कमी से जूझ रही है। ऐसे में महबूबा स्थानीय मुद्दों के जरिए अपनी राजनीतिक मौजूदगी बढ़ाने में जुटी हैं। शिव मार्केट और वेयर हाउस अग्निकांड के बाद प्रभावित कारोबारियों से मुलाकात कर उन्होंने मुआवजे और बैंक ऋण की किस्तों में राहत का मुद्दा उठाया। पार्टी व्यापारियों और आम लोगों से जुड़े सवालों को भी उठा रही है। प्रदेश में सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस और केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ महबूबा पहले से ही मुखर हैं। जनवरी की जम्मू रैली को इसी राजनीतिक सक्रियता के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।
संगठन भंग, पुराने चेहरों पर ही भरोसे की उम्मीद
महबूबा के पांचवीं बार पार्टी अध्यक्ष चुने जाने के बाद पीडीपी ने संगठनात्मक ढांचे में बदलाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्टी ने मौजूदा पदाधिकारियों के पद भंग कर दिए हैं। हालांकि प्रवक्ताओं और सभी 20 जिलों में नवनिर्वाचित जोनल अध्यक्षों को बरकरार रखा है। अब महासचिव और अतिरिक्त महासचिव के पदों पर नई नियुक्तियां होनी हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार संगठन में बड़े फेरबदल के बजाय पुराने नेताओं को ही नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। यानी पद बदलेंगे, लेकिन संगठन में पुराने चेहरों की मौजूदगी बनी रहने की संभावना है।
सोनिया का संघर्ष अतुलनीय, भाजपा की सोच हिंदू-मुस्लिम तक सीमित
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के संघर्ष और देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की विरासत की सराहना करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने निजी जीवन में कई दुखों और चुनौतियों का सामना करते हुए खुद को एक मजबूत राजनेता के रूप में स्थापित किया। वहीं, भाजपा की सोच गोडसे और हिंदू-मुसलमान तक सीमित है।
सोनिया गांधी के संस्मरण बिलॉन्गिंग
ए जर्नी ऑफ लव के विमोचन पर महबूबा ने कहा, एक नेता से राजनेता बनने तक के सफर में सोनिया ने बहुत कुछ सहा है। शायद ही किसी दूसरी महिला राजनेता ने इतना संघर्ष किया हो। कहा कि सोनिया ने परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटने के बावजूद अपने बच्चों को संभाला। पहले सास और फिर पति की हत्या जैसी त्रासदियों से गुजरना उनके लिए बेहद भावनात्मक रूप से कठिन रहा होगा। इसके बावजूद उन्होंने अपनी यादें व अनुभवों को किताब के रूप में खूबसूरती से प्रस्तुत किया है। यह उनकी असाधारण सहनशक्ति और मानसिक मजबूती को दर्शाता है।
नेहरू की विरासत को नहीं समझ सकती भाजपा
महबूबा ने नेहरू पर भाजपा की टिप्पणियों को लेकर कहा, विभाजनकारी मानसिकता के कारण भाजपा कभी नेहरू के योगदान को नहीं समझ सकती। नेहरू ने देश की कमान ऐसे समय संभाली थी, जब विभाजन के बाद हिंदू और मुसलमानों के बीच गहरा तनाव था। इसके बावजूद विज्ञान, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के मजबूत संस्थान खड़े किए। महबूबा ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार इन संस्थानों को निजी हाथों में सौंप रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति हिंदू-मुसलमान तक सिमटी हुई है। विज्ञान और विकास की बात करने के बजाय पार्टी गोबर की बातें करती है।
गांधी और धर्मनिरपेक्षता की विचारधारा से जुड़ी हैं सोनिया
सोनिया गांधी की किताब को सच्चाई बयां करने वाली खूबसूरत रचना बताते हुए महबूबा ने कहा कि यह पुस्तक दो अलग-अलग विचारधाराओं के बीच अंतर को स्पष्ट करती है। उनके मुताबिक, भाजपा, आरएसएस और जनसंघ की विचारधारा गोडसे से जुड़ी है, जबकि सोनिया गांधी महात्मा गांधी और धर्मनिरपेक्षता के विचारों में विश्वास रखती हैं।