श्रीनगर। दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के अवंतीपोरा एयरफोर्स स्टेशन के वाटर पंप हाउस पर आतंकियों ने हमला कर ग्रेनेड दागे और फायरिंग की। संतरियों की जवाबी कार्रवाई के बाद आतंकी भाग निकले। हालांकि, इसमें किसी प्रकार के नुकसान की कोई खबर नहीं है। पूरे इलाके को घेरकर सर्च आपरेशन चलाया गया है।
सेना के अनुसार अवंतीपोरा एयरफोर्स स्टेशन के बाहर मलंगपोरा में स्थित एयरफोर्स के वाटर पंप हाउस पर आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग करने के साथ ही ग्रेनेड दागे। मौके पर तैनात सतर्क संतरियों ने जवाबी कार्रवाई की तो आतंकी भाग निकले।
सूत्रों के अनुसार एयरफोर्स स्टेशन से लगभग 500 मीटर दूर सूमो पर सवार 2-3 आतंकियों ने हमले को अंजाम दिया। डीआईजी दक्षिणी कश्मीर अमित कुमार ने अमर उजाला को बताया कि आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुबह इलाके की घेराबंदी की गई थी।
शाम को जब घेराबंदी हटाई गई तो इलाके से भाग रहे आतंकियों ने सुरक्षा बलों के वाहनों को निशाना बनाकर फायरिंग की। पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि आतंकियों को खत्म किया जा सके।