हिजबुल मुजाहिनदीन के धमकी भरे पोस्टर घाटी में जगह-जगह चस्पा
- फोटो : अमर उजाला
श्रीनगर में आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिनदीन ने एक बार फिर दहशत का माहौल पैदा करने की कोशिश की है। उसने एसपीओ (विशेष पुलिस अधिकारी) से 15 दिन के अंदर अपनी नौकरी छोड़ने को कहा है। नौकरी न छोड़ने पर कड़ी सजा की धमकी दी है। दक्षिणी कश्मीर के त्राल में हिजबुल के ये धमकी भरे पोस्टर लगे हुए हैं। इसके साथ ही आपरेशनल कमांडर हम्माद खान का धमकी भरा एक आडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं।
आतंकी संगठन हिजबुल की ओर से यह धमकी दी गई है कि एसपीओ नौकरी छोड़कर जीवन यापन के लिए अन्य तरीका अपनाएं। पोस्टर में कहा गया है कि सेना व पुलिस तक सूचनाएं पहुंचाने वाले व उनके कैंप में जाने वाले लोगों की पूरी लिस्ट संगठन के पास है। वह इससे बाज नहीं आए तो उन्हें कड़ी सजा दी जाएगी। इसके साथ ही शराब, चरस तथा अन्य नशा करने वालों को भी धमकी दी गई है कि वे जल्द से जल्द इसे छोड़ दें।