सीमा पार से फंडिंग और हथियारों की सप्लाई लगभग थम जाने से बौखलाए आतंकियों ने घाटी में हथियार और बैंक लूट की साजिश के तहत हमले तेज किए हैं। इनपुट हैं कि इसके लिए दक्षिणी कश्मीर को निशाना बनाया गया है। हिजबुल को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम, शोपियां और अनंतनाग में ज्यादा से ज्यादा घटनाओं को अंजाम देकर आतंकी नेटवर्क केे लिए हथियार तथा फंड उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय आतंकियों के इस्तेमाल की हिदायत दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों के पास इस खतरनाक ट्रेंड के इनपुट हैं।
नोटबंदी के बाद से ही फंड की कमी से जूझ रही आतंकी तंजीमों को सीमा पार से इस बात के निर्देश मिले हैं कि वे लूट की वारदातों को ज्यादा से ज्यादा अंजाम दें। ओवर ग्राउंड वर्करों की मदद से इन घटनाओं को अमलीजामा पहनाकर फंड का इस्तेमाल संगठन को चलाने तथा आतंकी गतिविधियों में किया जाए। हाल के दिनों में आतंकी संगठनों के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई में 20 से अधिक आतंकियों के मारे जाने के बाद हथियारों की भी कमी होने लगी है।