चंडीगढ़/ पठानकोट। गिरफ्तार आतंकियों से पूछताछ में सामने आया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस के पूर्व कांस्टेबल इशफाक अहमद डार उर्फ बशीर अहमद खान और डॉ. रमीज राजा ने उन्हें पंजाब से इन हथियारों की खेप लाने के लिए कहा था। 2017 से फरार पूर्व कांस्टेबल वर्तमान में घाटी में लश्कर का सक्रिय आतंकी है।
पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि हथियारों की आपूर्ति पाकिस्तान से अमृतसर बॉर्डर पर हुई। जहां से हथियार कश्मीर घाटी ले जाए जाने थे। उन्होंने बताया कि आमिर और वसीम की गिरफ्तारी से पता चलता है कि पाक आईएसआई आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सरहद पार से पंजाब और आगे कश्मीर में हथियारों की खेप की तस्करी और आतंकियों की घुसपैठ कर रहा है। इससे पहले 25 अप्रैल को पंजाब पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के आतंकियों के एक अन्य सहयोगी हिलाल अहमद वागे को गिरफ्तार किया था। वह पिछले दिनों मारे गए हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर रियाज अहमद नायकू के निर्देश पर अमृतसर से ड्रग मनी लेने आया था। हिलाल अहमद ने ड्रग मनी ले जाने के लिए एक ट्रक का इस्तेमाल किया था।
गिरफ्तार आतंकी बोला, चार आतंकी भी पहुंचाए थे कश्मीर
गिरफ्तार आतंकी आमिर हुसैन वानी ने खुलासा किया है कि उसने अपने ट्रक में पंजाब के लगाए पिछले चक्करों के दौरान 20 लाख से अधिक की हवाला राशि भी एकत्रित की। इसके लिए उन्हें पूर्व कांस्टेबल डार और डॉ. रमीज राजा ने जगहें बताई थीं। रमीज राजा आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में जम्मू-कश्मीर की जेल में बंद है। आमिर ने यह भी खुलासा किया कि अमृतसर की पिछली यात्राओं के दौरान उसने दो हथियारबंद हिजबुल मुजाहिदीन और लश्कर के आतंकियों को पंजाब से कश्मीर पहुंचाया था। अब दोनों मर चुके हैं। उनकी पहचान आमिर द्वारा हिजबुल मुजाहिदीन के सद्दाम अहमद पड्डर निवासी हैप जिला पुलवामा और लश्कर के जासिम अहमद शाह निवासी मलनार जिला पुलवामा के तौर पर की गई है। जासिम शाह को काफी समय पहले गुरदासपुर बाईपास बटाला के नजदीक एक कश्मीरी होटल से एके-47 और ग्रेनेड सहित काबू किया गया था।
पठानकोट सदर थाने में दर्ज किया गया मुकदमा
इस बीच दोनों आतंकियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59, विस्फोटक पदार्थ संशोधन अधिनियम 2001 की धारा 3/4/5 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम 1967 की धारा 13, 17, 18, 18-बी, 20 के अंतर्गत एफआईआर थाना सदर पठानकोट में दर्ज कर ली गई है।
अमृतसर सब्जी मंडी के पास से अज्ञात लोगों से उठाई खेप
आतंकियों ने बताया कि पहले से तय योजना के मुताबिक अमृतसर की सब्जी मंडी के नजदीक मकबूलपुरा-वाला रोड पर पहले से तय की गई जगह पर वीरवार सुबह दो अनजान व्यक्तियों से यह खेप प्राप्त की थी। इन दोनों ने खेप को ट्रक में छिपा दिया था और दिखावे के लिए उसमें सब्जी-फल भर लिए थे।