जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ के बाद लश्कर के ओवर ग्राउंड वर्कर शौकत अहमद भट (निवासी पुलवामा) के साथ कश्मीर के कई स्थानों पर पहुंचने वाले पाकिस्तानी आतंकी मोहम्मद नावेद याकूब का शुक्रवार को लंबे समय बाद अपने मददगार से आमना-सामना हो गया।
बताया जाता है कि अलग कमरे में दोनों कुछ देर के लिए रहे। लेकिन उनके बीच कोई बातचीत नहीं हुई। हुआ यूं कि एनआईए की एक टीम सुबह लगभग आठ बजे शौकत को लेकर पहुंची और उसे सीधा एनआईए की विशेष अदालत के अंदर कमरे में ले गई। इस दौरान उसके चेहरे पर नकाब था।
एनआईए अधिकारियों ने उसकी ब्रेन मैपिंग और लाई डिटेक्टर टेस्ट की अनुमति के लिए आवेदन पेश करना था। इसी दौरान पुलिस के बुलेट प्रूफ रक्षक वाहन में दूसरी टीम नावेद को लेकर पहुंची। नावेद को हेलमेट पहना कर लाया गया। अदालत में पहुंचने के बाद दोनों के चेहरे से नकाब और हेलमेट उतार दिया गया, लेकिन वह अलग-अलग बैठे रहे।