अलकायदा से जुड़े आतंकी जाकिर मूसा ने 12 विदेशी आतंकियों के साथ मिलकर घाटी में बड़े आतंकी हमलों की साजिश रची है। गुलमर्ग के रास्ते हाल में घुसपैठ करने वाले इन आतंकियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। दोे आतंकियों को श्रीनगर पहुंचने की हिदायत दी गई है।
खुफिया एजेंसियों को मिले इस इनपुट के बाद सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है। साथ ही सभी सैन्य प्रतिष्ठानों तथा महत्वपूर्ण स्थानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। खुफिया एजेंसियों को इस बात के इनपुट मिले हैं कि मूसा ने अपने चार साथियों के साथ बडगाम जिले के खान साहिब इलाके में बीते सोमवार को विदेशी आतंकियों के ग्रुप के साथ बैठक कर हमले की योजना बनाई है।
लश्कर से जुड़े 12 आतंकियों का दल हाल ही में गुलमर्ग के रास्ते घुसपैठ कर बडगाम जिले तक पहुंचा है। यह दल आरिजल जंगल से होता हुआ पहुंचा है। इनपुट्स हैं कि बैठक में जाकिर मूसा ने इन आतंकियों को प्रति सप्ताह अपने मोबाइल के सिम बदलने को कहा है, ताकि सुरक्षा बलों को उनकी सटीक लोकेशन के बारे में पता न चल सके।