सीमा पार से आतंकी घुसपैठ की आशंका के चलते नए साल पर सुरक्षा इंतजाम चाक चौबंद कर दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने अपने खुफिया तंत्र को अगले तीन दिन अलर्ट पर रखा है। पुलिस ने अर्धसैनिक बलों के साथ मिलकर सरहद से लेकर हाईवे तक सुरक्षा कड़ी कर दी है। हाइवे पर सुरक्षाबलों को गश्त करने के लिए लगाया गया है। अगले तीन दिन पुलिस के अफसर भी अपने-अपने इलाके में मौजूद रहेंगे। उन्हें स्टेशन न छोड़ने को कहा गया है।
नेशनल हाइवे पर लखनपुर से लेकर उधमपुर तक सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। पहले से मौजूद नाकों के अलावा कुछ अतिरिक्त नाके स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा सांबा, कठुआ, जम्मू, राजोरी और पुंछ जिलों के सरहद से शहर को जोड़ने वाले तमाम इलाकों में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। इन इलाकों में कोहरे की आड़ में सीमापार से घुसपैठ की आशंका है।
पूरा अमला सक्रिय
सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त हैं। पुलिस और तमाम एजेंसियां सक्रिय हैं। सुरक्षा के थ्री टायर बंदोबस्त हैं। बार्डर और एलओसी पर सेना एवं बीएसएफ पहले से तैनात और मुस्तैद हैं। शहर और अन्य इलाकों में भी पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात हैं। विशेष नाकों के साथ रात के समय विशेष गश्त की जा रही है। पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों के सरपंचों को भी विश्वास में लिया है। इसके अलावा लोगों को चाहिए कि वह कहीं भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या फिर किसी को संदिग्ध घूमता देखें तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें।-विवेक गुप्ता, डीआईजी, जेके पुलिस