उधर जम्मू-कश्मीर के बडगाम में सुरक्षाबलों ने आज ही लश्कर के आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया। जिसमें आतंकियों के पांच मददगार गिरफ्तार किए गए हैं। इनके पास से गोलाबारूद और कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आतंकियों के इन मददगारों की गिरफ्तारी के बाद कई अहम खुलासे होने की भी संभावना है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि नरबल इलाके में आतंकियों के मददगार मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस और सेना की 2-राष्ट्रीय राइफल्स ने तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान आतंकियों के पांच मददगारों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
इनके पास से एके-47 के 28 कारतूस, एके-47 की एक मगजीन और लश्कर-ए-तैयबा के 20 पोस्टर मिले हैं। इसके साथ ही कई आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद हुई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पकड़े गए आतंकियों के मददगारों की पहचान इमरान राशिद, इफ्शान अहमद गनई, ओवैस अहमद, मोहसिन कादिर और आबिद राथर के रूप में हुई है। यह समूह आतंकी संगठन लश्कर के सक्रिय आतंकवादियों को रसद, समर्थन और आश्रय प्रदान करने में शामिल था। साथ ही पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में सक्रिय था।