उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के हाजिन में एक आतंकी ने जबरन लड़की से शादी करने के लिए उसके नाबालिग भाई, पिता, चाचा सहित आठ लोगों को बंधक बना लिया। पुलिस ने सात लोगों को उसके कब्जे सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन लड़की के नाबालिग भाई आतिफ हुसैन को नहीं बचा पाई। आतंकी ने तालिबानी अंदाज में गला रेत कर उसकी हत्या कर दी। इसके साथ ही सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो विदेशी आतंकी मार गिराए। आतिफ हाजिन के गुडविल स्कूल में चौथी कक्षा का छात्र था।
एसएसपी बांदीपोरा राहुल मलिक ने बताया कि मुठभेड़ में लश्कर के दो आतंकी अली भाई और हुबेब को मार गिराया गया। उन्होंने बताया कि वीरवार को आतंकियों ने लड़की के भाई, पिता, चाचा सहित आठ लोगों को बंधक बना लिया, जिनमें से छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में करीब दो घंटे लग गया और बाकी के दो को आतंकियों ने नहीं छोड़ा, जिनमें चाचा अब्दुल हमीद (60) और भाई आतिफ मीर (12) शामिल थे। बाद में स्थानीय औकाफ कमेटी की मदद से एलान करवाया गया। उसके बाद युवक की मां और चाची को अंदर भी भेजा गया।
एसएसपी के अनुसार जिस समय उन्होंने रूम में प्रवेश करने की कोशिश की उस दौरान आतंकियों ने फायरिंग की। बावजूद इसके बच्चे के चाचा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने बताया कि मीर आतंकी अली के कब्जे में है और वह उसके गले पर चाकू रखा हुए है।
मलिक ने बताया कि रात 9 बजे 6 बजे तक इंतजार किया गया, कोई फायरिंग नहीं की गई और मजिस्ट्रेट द्वारा अपील करवाई गई। इन सब प्रयासों के बाद हुई मुठभेड़ में आतंकियों को मार गिराने में सफलता जरूर मिली, लेकिन हमें इस बात का अफसोस है कि हम केवल एक ही बंधक को बचा पाए और दूसरे को आतंकी ने मार दिया।
एसएसपी ने बताया कि अली उस युवक की बहन से शादी करना चाहता था और इसी के चलते उसने लड़के समेत उसके पिता और चाचा को भी बंधक बना लिया। उसकी जिद थी कि जब तक लड़की नहीं आएगी तब तक वह बंधक बनाए गए लोगों को नहीं छोड़ेंगे। परिजन इस सबके हक में नहीं थे और उन्होंने लड़की को पहले से ही बाहर भेज दिया था।