गणतंत्र दिवस में अब एक महीने से भी कम का समय बचा है। देश और राज्य में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो गए हैं।
लेकिन सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक इस बार आतंकी गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों में खलल डालने की कोशिश कर सकते हैं। लिहाजा जिले से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
सुरक्षा एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार सीमा के उस पार आतंकियों के आका हमले की योजनाओं को अमली जामा पहनाने की कोशिशें कर रहे हैं।
1995 में एमएएम स्टेडियम में आतंकी हमले का मास्टर माइंड मेजर मोहम्मद इरफान और हाजी असलम आतंकियों को सांबा सेक्टर से घुसपैठ कराने की फिराक में है।
इसके लिए उसने हाल ही में कई बार पाक क्षेत्र में सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा भी किया है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक दोनों कमांडर आईएसआई और पाक रेंजरों की मदद से घुसपैठ का प्लान तैयार कर रहे हैं।
वहीं घुसपैठ की आशंका के चलते एक ओर बीएसएफ ने सीमा पर गश्त बढ़ा दी है तो वहीं सीमांत क्षेत्रों में पुलिस भी काफी सतर्क हो गई है।