हीरानगर सेक्टर में तरनाह नाले से घुसपैठ की कोशिश में बीती रात मारे गए आतंकी का शव बीएसएफ ने शनिवार को बरामद कर लिया। घुसपैठ की यह कोशिश बीओपी बोबिया के पिलर नंबर 102 और 103 के बीच हुई थी। यहां से आतंकी जीरो लाइन के 150 मीटर अंदर तक घुस आए थे। आतंकी का शव बोबिया बार्डर की फेंसिंग के नजदीक बरामद किया गया।
मौके पर पहुंचे बीएसएफ के डीआईजी धर्मेंद्र पारेख ने बताया कि शुक्रवार रात नौ बजे के लगभग तरनाह नाले के नजदीक पांच संदिग्ध देखे गए। जवानों ने नाइट विजन डिवाइस की मदद से इनकी लोकेशन पर नजर बनाए रखी। कुछ ही देर बाद एक संदिग्ध आतंकी भारतीय सीमा में तारबंदी की ओर बढ़ने की कोशिश करने लगा। बीएसएफ ने माउंट पोस्ट से घुसपैठियों को दो अलर्ट फायर दिए।
इसके बाद आतंकियों ने अत्याधुनिक हथियारों से गोलीबारी कर दी। चार आतंकी ऊबड़-खाबड़ जगह पर ओट लेकर फायरिंग कर रहे थे। जबकि आगे आ चुके एक आतंकी ने लोकेशन बदलने की कोशिश की।
बीएसएफ के जवानों ने निशाना साधकर उसे मार गिराया। अंधेरे और झाड़ियों व ऊंची नीची जगह का फायदा उठाकर चार आतंकी पाकिस्तान की ओर भाग खड़े हुए। डीआईजी ने बताया कि शनिवार सुबह आतंकी का शव बरामद कर लिया गया।