दक्षिण कश्मीर में एक बार फिर आतंकियों द्वारा सुरक्षाबलों को निशाना बनाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को कुलगाम जिले के लारू इलाके में अज्ञात आतंकियों द्वारा सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस की एक नाका पार्टी पर ग्रेनेड हमला किया गया है।
आतंकियों के इस हमले के बाद इलाके में अफरा तफरी का माहौल बन जाने की खबर है। वहीं इस हमले के दौरान एक जवान के घायल होने की खबर है जिसे अस्पताल में दाखिल किया गया है। आतंकी हमले के बाद सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
वहीं इस इलाके को पूरी तरह से घेर कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। गौरतलब है कि कश्मीर में लगातार सुरक्षाबलों पर आतंकियों के हमले हुए हैं। इस मामले में सबसे ज्यादा प्रभावित दक्षिण कश्मीर का इलाका रहा है जहां पिछले दिनों अनंतनाग, पुलवामा और कुलगाम जिलों में कई आतंकी हमले हो चुके हैं।