इसी दौरान ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। इससे पहले कि ट्रक के पास मौजूद सुरक्षाकर्मी मोर्चा संभालता, उसके हाथ में गोली लग गई। इतने में ही आतंकी ट्रक से उतरकर जंगल की ओर भाग पड़े। आनन-फानन में जवानों ने अधिकारियों को सूचना दी। इसके साथ ही आतंकियों का पीछा करना शुरू किया। वहीं घायल सुरक्षाकर्मी को जम्मू मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
जंगल की ओर भागे आतंकियों की तलाश में अभियान चलाया गया और इलाके की घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देख आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस दौरान शुरू हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को ढेर कर दिया। चौथे आतंकी की तलाश जारी है।
उधर, मारे गए तीनों आतंकियों की शिनाख्त की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक आलाधिकारी व सुरक्षा एजेंसियां इस हमले से जुड़े हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आतंकी कहां से ट्रक पर सवार हुए। वहीं इस हमले के बाद जम्मू संभाग में पुलिस अलर्ट पर है।