खराब मौसम की आढ़ में पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान की नीयत फिर से खराब हो गई है। एलओसी और आईबी पर आतंकी सक्रिय हो गए हैं। तीन दिन में चार बार सरहद पर घुसपैठ का प्रयास हुआ है, लेकिन सेना और बीएसएफ के सतर्क जवानों ने इन चारों प्रयासों को विफल कर दिया। लेकिन यह चुनौती 26 जनवरी तक बनी रहेगी। जिससे निपटने के लिए बीएसएफ ने जवानों की तैनाती बढ़ा दी है। सेना ने भी सतर्कता बढ़ा दी है।
घुसपैठ की आशंका को देखते हुए तकनीकी ढांचा सक्रिय किया गया है। कुछेक जगहों से आतंकियों की घुसपैठ की सूचनाएं भी हैं, जिसके लिए विशेष तैयारी की गई है। जानकारी के अनुसार खराब मौसम में तकनीकी उपकरणों के काम करने की क्षमता कम हो जाती है। यही कारण है कि आतंकी घुसपैठ की अधिक कोशिश करते हैं। कुपवाड़ा, पुंछ, अरनिया और चमलियाल में आतंकियों ने ऐसा ही किया, लेकिन जवानों की सतर्कता से चार बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है।
26 से पहले पुलवामा दोहराने की फिराक में आतंकी, अलर्ट जारी
कश्मीर में फिर से 26 जनवरी से पहले पुलवामा जैसा हमला दोहराने की साजिश रची जा रही है। आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के आतंकी ऐसा करने की फिराक में हैं। पुलवामा में तीन आतंकियों का दल इसकी तैयारी में है, जिसमें एक पाकिस्तानी आतंकी भी है। आतंकी जाहिद अहमद वानी इस दल की कमान संभाले हुए है। इसे लेकर खुफिया एजेंसियों ने पुलिस और सेना समेत तमाम सुरक्षाबलों को अलर्ट किया है। आतंकी गणतंत्र दिवस से पहले ऐसा करना चाहते हैं, ताकि कश्मीर में माहौल खराब किया जा सके।
जानकारी के अनुसार अलर्ट जारी करने के साथ कुछ अन्य जानकारियां भी दी गई हैं। इसमें बताया गया है कि आतंकी संगठन लश्कर ए ताइबा के 8 आतंकी राजोरी और पुंछ जिलों की एलओसी के उस पार पीओके में एक गांव में डेरा डाले बैठे हैं। इन आतंकियों के साथ दो गाइड भी हैं। जो 4-4 आतंकियों के दल के साथ हैं। यह आतंकी फिराक में हैं कि कब इन्हें घुसपैठ का मौका मिले और वह इस पार आएं।
सूत्रों का कहना है कि आतंकी जम्मू, सांबा और कठुआ में सैन्य कैंपों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के ठिकानों पर हमला कर सकते हैं। यह आतंकी अंतरराष्ट्रीय सीमा सांबा और कठुआ से घुसपैठ की फिराक में हैं। ऐसा ही एक प्रयास तीन दिन पहले ही बीएसएफ ने अरनिया में नाकाम किया है। खुफिया एजेंसियों ने सेना और पुलिस को इसे लेकर अलग-अलग अलर्ट जारी किए हैं। बता दें कि बीएसएफ के आईजी भी कह चुके हैं कि सीमा पर आतंकियों के 4 दल सक्रिय हैं। जो घुसपैठ करना चाहते हैं। 26 जनवरी से पहले यह दल बड़ा हमला करने की फिराक में है।
घुसपैठिए का शव लेने से इंकार
अरनिया आईबी पर मारे गए घुसपैठिए के शव को पाकिस्तान ने लेने से इंकार कर दिया है। बीएसएफ की ओर से पाकिस्तानी रेंजरों से इसे लेकर बात की गई थी। बताया गया कि घुसपैठिया मारा गया है। वह इसकी पहचान करें और इसको अपने पास ले जाएं। लेकिन पाकिस्तानी रेंजरों ने शव को देखने तक से मना कर दिया। शव लेने से पूरी तरह से इंकार कर दिया।
भारत-पाकिस्तान सीमा पर घुसपैठ की फिराक में थे आतंकी
रामगढ़ की भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मिले हथियारों के जखीरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां खोजबीन में जुटी हैं। रक्षा सूत्रों के अनुसार सोमवार सुबह एसएन पुरा की सीमा के जीरो लाइन के निकट से बीएसएफ के जवानों को गश्त के दौरान एक पैकेट मिला, जिसमें हथियार व हीरोइन थी।
सूत्रों के अनुसार एक ही रात में पाकिस्तान की ओर से दो घटनाओं को अंजाम दिया गया। अरनिया क्षेत्र में मंगलवार सुबह बीएसएफ जवानों ने घुसपैठिए को ढेर कर दिया था। सीमा पर बीएसएफ जवानों को अति सतर्क रखा गया है। जवानों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश जारी किए गए हैं। बॉर्डर पुलिस चौकियों पर जवानों को भी सतर्क रहने को कहा गया है।
आईबी पर बढ़ाई गश्त
आईबी पर गश्त बढ़ाई गई है। जवानों की अतिरिक्त तैनाती भी की गई है। एंटी टनल दस्ता सक्रिय है। कुछ जगहों पर एंटी ड्रोन गन भी तैनात है। घुसपैठ से निपटने के लिए पर्याप्त बंदोबस्त हैं। चाहे वो तकनीकी उपकरणों से निगरानी हो या फिर जवानों की तैनाती हो।
- प्रवक्ता, बीएसएफ, जम्मू फ्रंटियर
आसान नहीं घुसपैठ करना
बेशक खराब मौसम एक चुनौती रहता है। लेकिन आतंकियों के लिए इतना भी आसान नहीं है कि वह इसका लाभ उठाकर घुसपैठ कर सकते हैं। सेना पूरी तरह से सतर्क है। घुसपैठ रोकने के लिए चौकस है।
- प्रवक्ता, सेना, जम्मू