कश्मीर आईजी विजय कुमार ने शनिवार को बताया कि अनंतनाग मुठभेड़ में मारे गए तीन में से एक आतंकी का डीएनए टेस्ट करवाया जाएगा। आशंका जताई जा रही है कि यह आतंकी साल 2019 में हुए पुलवामा अटैक में शामिल था। इस हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हुए थे।
आईजी विजय कुमार ने बताया कि अनंतनाग मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों में से एक का चेहरा प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मुहम्मद के शीर्ष कमांडर समीर डार से मिल रहा है। समीर डार पुलवामा आतंकी हमले का अंतिम जिंदा आतंकवादी बताया जा रहा है।
आईजी ने एक ट्वीट कर डीएनए सैंपल की जांच कराए जाने की जानकारी दी है। पुलिस ने कहा है कि साउथ कश्मीर के नौगाम डोरू इलाके में हुए मुठभेड़ में ढेर हुए तीनों आतंकवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि शाह और सुल्हान और एक अन्य आतंकी सुहैल राठेर श्रीनगर के जेवन में हुए आतंकी हमले में भी शामिल थे। इस हमले में तीन पुलिसकर्मी शहीद हुए थे और 11 से ज्यादा घायल हुए थे। सुहैल को पंथा चौक पर हुए एक अलग एनकाउंटर में ढेर किया गया था।