बारामुला पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने दो आतंकी मददगारों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, 2 पिस्टल मैगजीन, 5 पिस्टल राउंड, आईईडी और एक रिमोट कंट्रोल आईईडी बरामद की है।
उत्तरी कश्मीर के बारामुला में आतंकवादी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने महिला समेत दो आतंकी मददगारों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लश्कर-ए-तैयबा के दो सहयोगी के तौर पर काम कर रहे थे। इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने विशेष सूचना के आधार पर पुलिस और सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने बारामुला के पट्टन में दो आतंकी मददगारों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपियों की पहचान फारूक अहमद पारा निवासी पट्टन और साइमा बशीर निवासी सोपोर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, 2 पिस्टल मैगजीन, 5 पिस्टल राउंड, आईईडी और एक रिमोट कंट्रोल आईईडी बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि जांच में आरोपियों से खुलासा किया है कि दोनों वुसन पट्टन में सक्रिय लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी आबिद कयूम लोन के साथ काम कर रहे थे। इस संबंध में पुलिस स्टेशन पट्टन में मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।