टेरर फंडिंग में कसे गए एनआईए के शिकंजे और मनी लांड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय की कड़ी कार्रवाई से अलगाववादी बौखला गए हैं। इन कार्रवाइयों के बाद घाटी में कम हो रही पत्थरबाजी की घटनाओं से चिंतित हुर्रियत (ग) कोर ग्रुप ने बुधवार को बैठक का आयोजन किया। बैठक में कई अलगाववादी नेताओं ने भाग लिया और 29 अगस्त को घाटी में बंद का आह्वान किया गया।
पुलिस ने मीडिया को बैठक की कवरेज करने के लिए अंदर जाने से रोक दिया। बुधवार को हुर्रियत के अध्यक्ष सैयद अली शाह गिलानी की अध्यक्षता में हैदरपोरा स्थित उनके घर पर कोर ग्रुप की बैठक हुई। इसमें कई नेताओं ने भाग लिया। बैठक सुबह करीब साढ़े दस बजे शुरू हुई। जब मीडिया कर्मी कवरेज के लिए वहां पहुंचे तो उन्हें पुलिस ने मेन रोड पर ही रोक दिया।
इसके चलते पत्रकारों का जमावड़ा एयरपोर्ट रोड पर लगा रहा। गौरतलब है कि लंबे समय बाद प्रशासन ने हुर्रियत को बैठक करने की अनुमति दी थी। मामले में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उक्त बैठक में कोई भी बड़ा नेता नहीं पहुंच रहा था। इसलिए बैठक की अनुमति दी गई थी। बताया कि पत्रकारों को इस बैठक में न जाने दिए के आदेश थे।