श्री अमरनाथ यात्रा में खलल डालने के लिए लश्कर और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे आतंकी संगठन कश्मीर के स्थानीय आतंकियों के साथ साजिश रच रहे हैं। इन संगठनों में नये शामिल किए गए उन आतंकियों को हमला करने के लिए तैयार किया जा रहा है, जो कश्मीर के सभी रास्तों से वाकिफ हैं। शोपियां जिले में रची जा रही इस साजिश के तहत एलओसी पर घुसपैठ करने की कोशिश हो रही है।
पाकिस्तान के आतंकी कश्मीर के आतंकियों से संपर्क कर ऐसा करने की फिराक में हैं। खुफिया एजेंसियों के पास इसके इनपुट पहुंचे हैं। शोपियां जिला पुंछ के साथ लगता है। यहां से घुसपैठ की तैयारी की जा रही है। शोपियां से अनंतनाग की दूरी भी ज्यादा नहीं। अनंतनाग से पहलगाम रूट की अमरनाथ यात्रा शुरू होती है। इस रूट से वाकिफ लड़कों को हाल ही में आतंकी संगठनों ने अपने साथ मिलाया था।
एक स्थानीय आतंकी पिछले दिनों मारा भी गया था। आतंकी संगठन चाहते हैं कि शोपियां के रास्ते अनंतनाग तक पहुंचा जाए और यहां पहलगाम रूट की यात्रा को निशाना बनाया जा सके। सेना और सीआरपीएफ पहले ही अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले की आशंका जता चुके हैं। दरअसल, बालटाल रूट से आतंकियों के लिए यात्रा में खलल डालना आसान नहीं है।
बारामुला और कुपवाड़ा जिले यहां से काफी दूर हैं। सिर्फ एक पहलगाम रूट ही आतंकियों के गढ़ के नजदीक है। शोपियां आतंकियों का गढ़ हैं। यहां से हर हाल में वह घुसपैठ कर यात्रा में खलल डालने की कोशिश करने की फिराक में हैं।