उत्तरी कश्मीर के सोपोर के बोमई इलाके में शुक्रवार को दुकानदार खुर्शीद अहमद भट की अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा की गई हत्या से शनिवार को तनाव रहा। सभी दुकानें और कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे। इलाके में घटना की जांच के लिए पहुंची पुलिस पार्टी की गाड़ियों पर गुस्साए युवाओं ने पत्थर बरसाए। कई अन्य इलाकों से भी प्रदर्शन की खबरें मिली हैं।
पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जो घटनाएं सोपोर में घट रही हैं, उसके पीछे स्थानीय लश्कर आतंकी कयूम नजार का हाथ है। वह बटपुरा का रहने वाला है। उसके खिलाफ पुलिस को सुबूत मिल चुके हैं। उसे दबोचने के लिए व्यापक पैमाने पर छापेमारी की जा रही है। उधर, भट के परिवार वालों का आरोप है कि घटना के पीछे भारतीय एजेंसियों का हाथ है।
मृतक के पिता ग़ुलाम नबी भट ने इसे टारगेट कीलिंग ठहराते हुए कहा कि पहले शेख अल्ताफ को मारा, फिर मेरे बेटे को निशाना बनाया और कल किसी और को निशाना बनाया जाएगा। उन्होंने हत्यारों को बेनकाब करने की गुहार लगाई। कहा कि, उनका बेटा आतंकी नहीं था लेकिन उसे जान बूझकरनिशाना बनाया गया। उनके अनुसार मौजूदा सरकार से उन्हें कोई अपेक्षा नहीं।
14 को बारामुला बंद का ऐलान
हुर्रियत कट्टरपंथी नेता सैयद अली शाह गिलानी ने सोपोर हत्या के विरोध में 14 जून को बारामुला जिले में बंद की कॉल दी है। उन्होंने इन घटनाओं को लेकर यह भी कहा कि अब घाटी में दोबारा से इखवानी (सरकारी दहशतगर्द) सक्रिय हो चुके हैं।