थन्नामंडी क्षेत्र की 12वीं कक्षा की छात्रा पर स्थानीय युवक ने दिनदहाड़े घर में घुसकर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया जिससे छात्रा घायल हो गई। बताया जा रहा है कि छात्रा के शादी से इंकार करने पर युवक द्वारा उस पर जानलेवा हमला किया गया। 12वीं कक्षा की छात्रा पर उसके एक चाहने वाले ने शनिवार को घर में घुस कर जान से मारने का प्रयास किया।
दरहाल के पीएचसी में उपचाराधीन छात्रा के पिता क ा कहना है कि सुबह वह किसी काम से बाहर गए थे। इसी बीच युवक मोहम्मद यासीन उनके घर में पहुंचा और घर में ही उनकी बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में किसी तरह बचाव करते हुए छात्रा ने खुद को बचाया लेकिन चाकू उसकी बाजू में घुस गया जिससे उसकी बाजू में गंभीर चोट आई है। दरहाल बीएमओ डा. इकबाल मलिक ने बताया कि छात्रा का उपचार जारी है और हालत स्थिर है।
वहीं पिता ने बताया कि पिछले काफी समय से युवक उनकी बेटी को तंग कर रहा था। वह उससे विवाह करने की बात कर उसे परेशान करता आ रहा था। बेटी उसे इंकार करती रही तो उसने उसे जान से मारने की कोशिश की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक की धर पकड़ के लिए अभियान छेड़ दिया है।
एक साल में छात्राओं पर हमले का तीसरा मामला
उल्लेखनीय है कि पिछले एक वर्ष में छात्राओं पर हमले का यह तीसरा मामला सामने आया है। पिछले वर्ष शहर की मुरादपुर क्षेत्र की बीए पार्ट वन की छात्रा पर उसके प्रेमी ने चलती मेटाडोर में चाकू से हमला कर मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया था। अप्रैल माह में शहर के अब्दुल्ला पुल क्षेत्र में एक छात्रा पर युवक ने पंच से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल किया था।