जम्मू में तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही बिजली कटों में कोई राहत नहीं मिल रही है। रविवार को शहर का तापमान 43 डिग्री के आसपास रहा। तेज गर्मी के बावजूद बिजली विभाग लोगों को राहत नहीं दिला पा रहा है। शहर में छह से आठ घंटे के कट लगे। पानी की आपूर्ति भी नियमित नहीं हो पा रही है। विद्युत लोड बढ़ने पर ट्रांसफार्मर ट्रिप करते रहे। इस कारण लोगों को गर्मी की तपिश से काफी परेशान होना पड़ा। दोपहर के समय बिजली लोड 1140 मेगावाट पहुंच गया। शाम के समय लोड 1220 मेगावाट रहा। कट लगने पर लोग काफी परेशान हुए हैं। लोगों को समय व्यतीत करने घरों में खुली जगहों में आना पड़ा।
जम्मू में रविवार को पारा उछलकर 43 डिग्री के पार पहुंचने से गर्मी से हाहाकार की स्थिति बनी रही। पिछले चौबीस घंटों में करीब तीन डिग्री तापमान में बढ़ोतरी होने से प्रचंड गर्मी से जनजीवन प्रभावित है। सड़कों पर ज्यादा भीड़ नजर नहीं आई और बाजारों में दोपहर को सन्नाटा रहा। सुबह की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई। दिन चढ़ने के साथ गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाया। दोपहर को चिलचिलाती धूप में बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। गर्म हवाओं ने खासतौर पर दोपहिया चालकों और राहगीरों को अधिक परेशान किया।
जम्मू में दिन का तापमान शनिवार के 40.8 डिग्री से बढ़कर रविवार को 43.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। बिजली कटौती व अघोषित कटौती ने लोगों में गर्मी से मचे हायतौबा को हाहाकार में बदलकर रख दिया। वहीं जम्मू में न्यूनतम तापमान भी 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। वहीं कश्मीर में मौसम सुहावना बना हुआ है। श्रीनगर में दिन का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री रहने से अच्छी खासी ठंडक का एहसास रहा।
वहीं मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार सोमवार को रियासत का मौसम साफ रहेगा और तापमान में ओर बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि मंगलवार से मौसम एक बार फिर करवट बदलेगा और तापमान में गिरावट दर्ज होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। इन दिनों तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। 1100 मेगावाट से ज्यादा लोड होने पर बिजली बंद हो रही है। गर्मी से निजात पाने के लिए लोग एसी, कूलरों का प्रयोग कर रहे हैं। इससे लोड बढ़ रहा है।