अमरनाथ यात्रा को लेकर शहर के मंदिरों और विश्राम घरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। भगवती नगर यात्री निवास में साफ-सफाई, मरम्मत और रंग-रोगन का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन और पर्यटन विभाग बाबा = बर्फानी के भक्तों के स्वागत को लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। यात्री निवास प्रभारी उर्वशी कौल का कहना है कि करीब 30 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है, बाकी बचे कार्यों को आठ जून से पहले पूरा करने का लक्ष्य है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कमरे, हॉल, हैंगर, लंगर, पार्किंग, पेयजल, सिम कार्ड, मेडिकल सहायता व पंजीकरण काउंटर सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। इसके अलावा सांस्कृतिक गतिविधियों की भी तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। यात्री निवास परिसर में सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।