मंदिर में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जगदंबा माता मंदिर के निकट स्थित शनिदेव मंदिर में आधा दर्जन घटनाएं हो चुकी हैं।
इसे लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने रविवार को पुलिस से शिकायत की। ग्रामीणों में शामिल देविंदर शर्मा और अनिल कुमार ने बताया कि शनिदेव मंदिर में छह दफा चोरी हो चुकी है।
हैरत इस बात की है कि चोरी मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर पैसे चुराने के बाद अपना ताला लगाकर चले जाते हैं। ऐसा एक नहीं, कई बार हुआ है। दानपात्र मंदिर में अपनी जगह पर ही रहता है, जबकि चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि चोरी की घटनाओं का क्रम रोकने के लिए पुलिस से शिकायत की गई है, ताकि दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके। इसी तरह से ग्रामीण सुरिंदर गुप्ता, सोनू गुप्ता, रमेश कुमार ने कहा कि मंदिर के दानपात्र से बार-बार चोरी होना ग्रामीणों को हैरत में डाल रहा है।