जतवाल मोड़ में शहीद क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच संगवाली और ब्रिफानलाथ क्रिकेट क्लब जतवाल के बीच खेला गया। संगबाली ने ब्रिफानलाथ को हराकर फाइनल मैच पर कब्जा जमाया। जतवाल मोड़ में स्थित हाई स्कूल के मैदान में इस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
फाइनल मैच में स्थानीय विधायक कुलदीप राज मुख्य अतिथि थे, जबकि एसएसपी जोगिन्द्र सिंह सांब्याल प्रमुख रूप से उपस्थित थे। संगवाली क्रिकेट क्लब ने टास जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। वहीं, जतवाली क्रिकेट की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवरों में आठ विकेट खोकर 165 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
टीम की ओर से गणेश ने 70 रन बनाए, जबकि सुनील ने 12 गेंदों में 43 रन बनाए। टीम के इन दोनों ही बल्लेबाजों ने एक ओवर में 43 रन बनाए। हालांकि इस ओवर में गेंदबाज द्वारा कुछ नो बाल भी दिए गए। वहीं विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए संगवाली क्रिकेट क्लब ने दो बाल शेष रहते हुए छक्का लगाकर लक्ष्य पूरा कर लिया।
संगवाली की ओर से छोटू ने 25 गेंदों में 62 रन बनाए, जबकि गोल्डी ने 16 गेंदों में 45 रन बनाए। इस अवसर पर छोटू को मैन आफ द मैच का पुरस्कार और सुपर सिक्स का पुरस्कार भी दिया गया, जबकि संगवाली के कैप्टन गोविंद सिंह मैन आफ द सीरीज का पुरस्कार लेने में कामयाब रहे। स्थानीय विधायक कुलदीप राज ने पुरस्कार वितरित किए।
उन्होंने प्रतियोगिता आयोजन कमेटी के सदस्यों को आश्वासन दिया कि वह जतवाल हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल व इस मैदान के उत्थान के लिए पूरा योगदान देंगे। फाइनल मैच में बलवान सिंह बिल्ला द्वारा लंगर का आयोजन किया गया था। सरपंच तरसेम सिंह, सरपंच चमन लाल, सरपंच देस राज, रछपाल वर्मा, सुभाष खजूरिया आदि मौजूद थे।