जम्मू कश्मीर में फिर इंद्रदेव मेहरबान होंगे। 8-9 दिसंबर को कश्मीर में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इसका असर जम्मू और लद्दाख में भी दिखेगा। 5-6 दिसंबर को भी कश्मीर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इस बीच रविवार की रात सीजन की सबसे सर्द रात बीती। न्यूनतम तापमान माइनस 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। घाटी के अधिकांश जिलों में रात का तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। शीत लहर जारी है।
आगामी दिनों में बारिश और बर्फबारी की सूरत में पुंछ और राजोरी को शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाले मुगल रोड के साथ जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और श्रीनगर लेह मार्ग पर मार पड़ सकती है। जम्मू में सोमवार को मौसम साफ रहा, लेकिन प्रात: और रात्रि के पारे में गिरावट आई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 3-4 दिन में रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।
स्थान न्यूनतम तापमान
द्रास माइनस 14.0
लेह माइनस 10.9
कारगिल माइनस 9.2
पहलगाम माइनस 5.2
गुलमर्ग माइनस 4.0