जम्मू-कश्मीर में चढ़ते पारे के बीच मंगलवार को बारिश से राहत मिली। जम्मू संभाग के कई इलाकों में ओले भी गिरे। घाटी के अधिकांश हिस्सों में पारे में गिरावट के साथ फिर ठंड का अहसास हुआ है। कई क्षेत्रों में तेज बारिश से जलभराव हो गया। इस बीच न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ गुलमर्ग सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार बुधवार भी जम्मू और कश्मीर के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में मंगलवार सुबह शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शाम तक जारी था। रुक-रुक कर हो रही बारिश से ठंडक बढ़ी है। श्रीनगर में दिन का तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस गिरकर 16.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। घाटी के अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 5 से 8 डिग्री नीचे लुढ़क गया है। जम्मू संभाग के जिला उधमपुर के पंचैरी क्षेत्र में बारिश के साथ ओले गिरे।
उधमपुर में हाईवे पर तेज बारिश से कई जगह पानी भर गया। हालांकि हाईवे सुचारु रूप से चलता रहा। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में दोपहर बाद हल्की फुहार पड़ी, लेकिन ठंडी हवाओं से राहत मिली। यहां दिन का पारा सामान्य से 3.5 डिग्री गिरकर 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू के कई इलाकों में रुक-रुक कर हल्की बारिश हुई।
शाम को तेज हवाओं ने तपिश से राहत दिलाई। दिनभर बादलों के छाए रहने से गर्मी का अधिक अहसास नहीं हुआ। यहां दिन का तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री गिरकर 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संभाग के बनिहाल क्षेत्र में 14.3 और बटोत में 2.7 मिलीमीटर बारिश हुई। पिछले कई दिन से गर्मी झेल रहे लोगों को मौसम के बदले मिजाज से राहत मिली है।