राजोरी। दरहाल सड़क मार्ग स्थित राजोरी की साईं गंजी बाबा जियारत के पास रविवार को नदी पार करते समय डूबने से 17 वर्षीय किशोर डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने किशोर डूबता देखकर नदी से बाहर निकाला और जीएमसी राजोरी ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
राजोरी के कोटधरा निवासी आसिफ अली (17) पुत्र वज़ीर अली किसी काम के चलते दरहाल की ओर जाते समय नदी पार कर रहा था तभी उसका पैर फिसल गया और वह गहराई में डूब गया। आसपास मौजूद लोगो ने उसे डूबते देखकर शोर मचाना शुरू कर दिया। सूचना के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगो की मदद से किशोर को नदी से बाहर निकालकर जीएमसी ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम व अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है।
बीते शनिवार को भी युवक की डूबने हुई थी मौत
बीते शनिवार को भी इसी नदी में एक 19 वर्ष युवक नदी पार करते समय डूब गया और उसकी भी मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से खनन किया जाता है और बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। नदी पार करते समय गहराई का पता नहीं चल पाता जिससे जान से हाथ धोना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने डीसी राजोेरी से अपील की है कि अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई करें ताकि हादसों पर अंकुश लगे।