अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर के वेयर हाउस इलाके में बीते 10 दिन से पानी की किल्लत है। पेजयल आपूर्ति की मेन पाइप लाइन फटने से क्षेत्र की 1800 से ज्यादा आबादी परेशानी झेल रही है। लोगों को मजबूरन 1200 रुपये में किराए का टैंकर मंगाकर जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं।
शहर के अन्य कई मोहल्लों में भी समस्या बनी हुई है। कहीं सप्लाई का पानी घरों तक नहीं पहुंच पा रहा तो कहीं पर पाइप लाइन टूटी है। इसे लेकर लोग धरना-प्रदर्शन भी कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा। शहर के प्रमुख इलाके वेयर हाउस में बीते 10 दिन से समस्या बनी है। इसकी वजह तवी रिवर फ्रंट के चल रहे निर्माण कार्य को बताया जा रहा है। तवी नदी के काम के चलते वेयर हाउस में आने वाली मेन पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। पाइप की दोबारा मरम्मत नहीं कराई जा रही। इससे इलाके में जलापूर्ति नहीं हो पा रही। लोगों का आरोप है कि कई बार जलशक्ति विभाग के अधिकारियों से क्षतिग्रस्त पाइप ठीक कराने की मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
टैंकर से सभी को नहीं मिल पा रहा पानी
मोहल्ले के सोनू, राजेश, विक्रम, अभिषेक, संजीव आदि का कहना है कि निजी टैंकर से पानी मंगाकर जरूरतों को पूरा किया जा रहा है। इसके लिए लोगों को 1500 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। बावजूद इसके सभी लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा। जिनको पानी नहीं मिल पा रहा, वे लोग आसपास के निजी संसाधनों से पानी ढोने के लिए मजबूर हैं।
नलों में पानी आए दस से 12 दिन हो चुके हैं। निजी टैंकर से पानी मंगवाना पड़ रहा है। इसके लिए प्रति टैंकर 1200 से 1500 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। बावजूद इसके जलशक्ति विभाग समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
सुनील कुमार, स्थानीय निवासी
सप्लाई नहीं आने से पानी का इंतजार करना पड़ता है। कभी पानी मिल पाता है तो कभी बैरंग ही लौटना पड़ता है। ऐसे में आसपड़ोस के घरों में लगे निजी संसाधनों से पानी लाकर काम चलाना पड़ रहा है। कई दिन हो गए पीने का पानी भी मुहैया नहीं हो पा रहा है।
विपिन कुमार, सुंदर मोहल्ला