अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जिले में परियोजना के कार्य को तेज गति से निपटाया जाए। काम तय समय सीमा में होने चाहिए। यह बात जिला विकास आयुक्त सचिन कुमार वैश्य ने पंचायत भवन में ग्राम स्तर के कार्यकर्ताओं और खंड विकास अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कही। उन्होंने कहा कि गांव में विकास गतिविधियों की जरूरतों को पूरा करने पर अधिकारी ध्यान दे। उन्होंने काम में गुणवत्ता पर ध्यान देने का भी आह्वान किया।
उन्होंने एक मजबूत कार्य संस्कृति विकसित करने को भी कहा। डीडीसी ने मढ़, नगरोटा, चौकी चौरा और अखनूर ब्लॉक में विकास कार्य तेज करने को कहा। उन्होंने हितधारकों से परियोजना निष्पादन के दौरान उत्पन्न होने वाले स्थानीय मुद्दों को प्रभावी ढंग से निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को योजना और कार्यान्वयन प्रक्रियाओं में हमेशा गांवों के समग्र कल्याण पर विचार करते हुए समग्र दृष्टिकोण बनाए रखने को कहा।
डीडीसी ने स्थानीय चुनौतियों को समझदारी और तत्परता से संबोधित करने के महत्व पर जोर दिया। बैठक में मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत सरोवर और कैपेक्स कार्यों सहित प्रमुख सरकारी पहलों में ब्लॉक-वार प्रगति की व्यापक समीक्षा भी हुई। इस मौके पर अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त रमेश चंदर भी उपस्थित रहे।
सभी पात्रों को मिले सरकारी योजनाओं का लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। डीसी सचिन कुमार वैश्य ने बीडीओ और वीएलडब्ल्यू के साथ एक बैठक की। इसमें प्रत्येक ब्लॉक की साफ सफाई जैसी प्रमुख आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए। जिससे जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में आयोजित बैठक में डीसी ने कहा कि सरकारी योजनाओं को पात्रों तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। सभी कर्मचारियों को मिलकर इस पर जोर देना चाहिए। उन्होंने गांवों में गंदगी और कचरा निस्तारण और संग्रहण को लेकर जोर दिया। डीसी ने कहा कि इसके लिए ग्रामसभा स्तर पर जागरूकता संबंधी कार्यक्रम होने चाहिए। ताकि लोग स्वच्छता को समझ सकें।