मूसलाधार बारिश के बाद जम्मू की लाइफ लाइन तवी नदी और अखनूर स्थित चिनाब दरिया बुधवार को पूरे उफान पर रहे। तवी का जल स्तर सायं साढ़े छह बजे अलर्ट के निशान 14 फीट रहा तो चिनाब दरिया में 32 फुट जल स्तर रहा।
तवी में सुबह करीब सात फुट जल स्तर से पानी एकाएक बढ़ना शुरू हुआ और सायं साढ़े छह बजे जल स्तर अलर्ट के निशान 14 फुट को छू गया। इसके बाद जल स्तर का कम होना शुरू हुआ और सायं सात बजे तवी का जल स्तर 13 फीट रिकार्ड किया गया।
वहीं चिनाब दरिया में दोपहर दो बजे जल स्तर करीब 32 फीट रहा। हालांकि इसके बाद जल स्तर कम होना शुरू हुआ और सायं सात बजे चिनाब का जल स्तर 28.50 फीट पर बह रहा था। चिनाब दरिया में 35 फीट जल स्तर होने पर अलर्ट घोषित कर दिया जाता है।
जिला उपायुक्त सिमरनदीप सिंह के अनुसार तवी नदी का जल स्तर अलर्ट के निशान के करीब पहुंचकर सायं सात बजे से कम होना शुरू हो गया है। चिनाब दरिया का जल स्तर भी अलर्ट के निशान के नीचे है।
प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। डीसी कार्यालय में इमरजेंसी आपरेशन सेंटर स्थापित किया गया है। सेंटर पर 0191-2571912 और 0191-2520542 पर डायल किया जा सकता है।