खौड़ में आज सब डिवीजन एग्रीकल्चर आफिसर अखनूर और एग्रीकल्चर चीफ अधिकारी जम्मू की देखरेख में शिविर का आयोजन किया गया। इसमें किसानों और मजदूरों को जागरूक किया गया। इस मौके पर स्थानीय विधायक व उपमुख्यमंत्री तारा चंद मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा सरकार की तरफ से किसान क्रेडिट कार्ड के जरिये किसानों को दिये जा रहे लाभ, क्रेडिट कार्ड क्यों जरूरी है, इसका लाभ प्राप्त करने के लिए किन-किन बातों पर ध्यान देना जरूरी है आदि के बारे में विस्तार से बताया गया।
वहीं, किसानों को कम मेहनत में फसलों से अधिक लाभ कैसे कमाया जा सकता है, इस विषय पर चीफ एग्रीकल्चर अधिकारी जम्मू चौधरी ओमकार सिंह ने किसानों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस मौके पर लेबर कमिश्नर द्वारा भी लोगों के लिए बनाई गई योजनाएं बताई गईं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सभी लोगों को सरकारी नौकरी देने में असमर्थ है, लेकिन लोग योजनाओं को अपनाएं तो वह नौकरी करने वालों से ज्यादा कमा सकते हैं। रोजगार के साधनों से भी घर-परिवार अच्छे से चलाया जा सकता है।
तारा चंद ने कहा कि खौड़ में कैंप लगाने का मकसद है कि बेरोजगार लोग रोजगार के साधन अपना सकें। इस मौके पर असिस्टेंट लेबर कमिश्नर जम्मू अशोक चौधरी ने बताया कि मजदूर वर्ग के लिए हमारे पास कई योजनाएं हैं, जिसका लाभ लेने के लिए कार्यालय में नाम दर्ज करवाना और कार्ड प्राप्त करना होगा।
उन्होंने बताया कि विभाग बच्चों की पढ़ाई, यहां तक कि उनकी शादी करने पर भी मदद करता है। इस मौके पर डायरेक्टर एग्रीकल्चर एसएस जम्बाल आदि मौजूद रहे।