मोटर जलने से ठप हुई जलापूर्ति, लोगों के विरोध के बाद टैंकर से पहुंचाया पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। एक ओर भीषण गर्मी लोगों का पसीना निकाल रही है। वहीं, दियानी पंचायत के वार्ड नंबर-4 और आसपास के करीब 200 परिवार पिछले चार दिनों से बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति करने वाली सबमर्सिबल मोटर जल जाने से जलापूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। विभाग के कार्यालय पहुंचकर लोगों ने विरोध जताया।
स्थानीय निवासी सचिन ललोत्रा, कुलदीप कोहली, करतार चंद, मदन लाल, साई दास, दास राम, हुकूमत राज और पूर्व सरपंच प्रदीप ललोत्रा ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच पानी की आपूर्ति बंद होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में पीने के पानी से लेकर दैनिक जरूरतों के लिए भी संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या सामने आने के बाद कई बार जल शक्ति विभाग को शिकायतें दी गईं, लेकिन शुरुआती दिनों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रभावित इलाके में टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति की गई। ग्रामीणों का कहना है कि अस्थायी राहत के तौर पर टैंकर भेजकर लोगों को पानी उपलब्ध करवाया जाए, ताकि भीषण गर्मी में पानी के लिए भटकना न पड़े।
इस संबंध में जल शक्ति विभाग के मैकेनिकल विंग के सहायक कार्यकारी अभियंता (एईई) दिलीप पंडित ने बताया कि जली हुई मोटर को निकालकर मरम्मत के लिए भेजने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मोटर की मरम्मत होते ही उसे दोबारा स्थापित कर दिया जाएगा और अगले दो दिनों के भीतर क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।