रियासत में आने वाले विदेशियों से स्वाइन फ्लू आने की आशंका के चलते प्रशासन ने इन पर खास नजर रखना शुरू किया है। शहर के एयरपोर्ट, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर आने वाले विदेशियों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
यदि किसी भी विदेशी शख्स में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखे, तो उनके तुरंत सैंपल लिए जा रहे हैं। साथ ही यात्रियों को मास्क पहनने के लिए कहा जा रहा है। यहां तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों ने भी ड्यूटी के वक्त मास्क पहनना शुरू कर दिया है।
जम्मू के मंडलायुक्त शांतमनु ने ‘अमर उजाला’ को जानकारी दी कि आने वाले विदेशियों पर खास नजर रखी जा रही है। यदि किसी में इसके लक्षण दिख रहे हैं तो उसकी जांच की जा रही है। वहीं आने वाले अन्य यात्रियों पर भी नजर रखने के लिए कहा गया है।
अभी इन जगहों पर कोई विशेष कैंप तो नहीं लगाए गए, लेकिन एहतियात के तौर पर सावधानियां बरती जा रही हैं। यदि जरूरत पड़ी तो यहां पर विशेष कैंप लगा दिए जाएंगे। अभी फिलहाल जो विदेशी हैं, उनकी स्क्रीनिंग की जा रही है।
इन जगहों पर तैनात सुरक्षा बलों और अन्य कर्मचारियों ने मास्क पहनकर काम करना शुरू कर दिया है, ताकि कोई इस बीमारी से ग्रस्त न हो सके।