जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के मुताबिक पकड़े गए आतंकी के पास से एक एके-47 भी बरामद हुई है, उससे पूछताछ की जा रही है।
उधर, पाकिस्तान को भारतीय सेना ने करारा सबक सिखाया है। नौशेरा सेक्टर के सामने एलओसी पर पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को संघर्षविराम का उल्लंघन किया था। पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का जवाब देते हुए भारतीय सेना ने दो सैनिकों को मार गिराया है।
इससे पहले पाकिस्तान ने रविवार रात भी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। इस दौरान हीरानगर सेक्टर के पानसर इलाके में करीब छह घंटे तक गोलाबारी कर सुरक्षा बांध बनाने के काम को प्रभावित करने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार रात करीब 10 बजे जैसे ही सुरक्षा बांध बनाने का कार्य शुरू हुआ तो पाकिस्तान की 25 चिनाब के सैनिकों ने ठाकर पुरा पोस्ट से गोलीबारी शुरू कर दी, जो तड़के चार बजे तक जारी रही। इस दौरान छोटे-बड़े दोनों हथियारों का इस्तेमाल किया गया।