जकार्ता इंडोनेशिया में हुई 13वीं वर्ल्ड वुशू चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल कर सूर्य भानू प्रताप सिंह ने रियासत और देश का नाम रोशन किया है।
सूर्य ने कई देशों के प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर यह पदक हासिल किया है। राज्य से किसी पहले खिलाड़ी ने वुशू में यह पदक हासिल किया है। इस अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भारत को तीन रजत और एक कांस्य पदक हासिल हुआ।
जम्मू एयरपोर्ट पर शुक्रवार को पहुंचने पर सूर्य और भारत के स्थानीय चीफ कोच कुलदीप हांडू का जोरदार स्वागत किया गया। राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता सूर्य भानू प्रताप ने 60 किलोग्राम भार वर्ग के प्रिलिमरी मुकाबलों में यूएसए के प्रतिद्वंद्वी को मात देकर अगले दौर में जगह बनाई।
इस जोश को बरकरार रखते हुए सूर्य ने प्री-क्वार्टर में श्रीलंका और क्वार्टर में मकाऊ को मात दी, लेकिन सेमीफाइनल में उन्हें रशिया के प्रतिद्वंद्वी से हार देखनी पड़ी।