आरएस पुरा। सीमावर्ती पंचायत बासपुर के राशन डीलर पीखम सिंह ने अपने ऊपर राशन न देने के लगे आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि पंचायत के कुछ लोग रंजिश के चलते उन पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
रविवार को पंचायत में आयोजित प्रेसवार्ता में राशन डीलर पीखम सिंह और स्थानीय लोगों ने कहा कि सरकारी राशन डीलर द्वारा नियमित रूप से राशन का वितरण किया जाता है। कुछ लोगों ने उन पर राशन न देने के आरोप लगाए हैं। वह बेबुनियाद हैं। विभाग की तरफ से उन्हें जो निर्देश जारी किए जाते हैं उसी के आधार पर ग्रामीणों को राशन मुहैया कराया जाता है। उन्होंने कहा कि वह किसी भी जांच के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि गांव के कुछ लोग व सरपंच उन पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
ज्ञात रहे कि गत दिवस सीमावर्ती गांव चोगा के लोगों ने सरपंच सुखदेव सिंह तथा पंच अशोक कुमार के नेतृत्व में राशन डीलर के खिलाफ प्रदर्शन किया था। उनका आरोप था कि राशन डीलर द्वारा गरीब परिवारों को राशन नहीं दिया जा रहा है। इसी आरोपों का जवाब देते हुए राशन डीलर ने इन आरोपों को बेबुनियाद करार दिया। प्रेसवार्ता में नंबरदार दर्शन सिंह, पूर्व नायब सरपंच विजय कुमारी, पूर्व पंच विजय सिंह, रघुवीर सिंह, गुलशन , जनक सिंह, सागर सिंह सहित काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद थे।