सांबा। कोरोना महामारी के चलते हुए लॉकडाउन का लाभ कुछ अराजक तत्व सांबा शहर और आसपास के इलाकों के साथ कई ग्रामीण क्षेत्रों में शराब का अवैध धंधा कर उठा रहे हैं। वह दो से तीन गुना महंगे दामों पर शराब बेच रहे हैं, लेकिन अब तक पुलिस इस मामले में सक्रिय नहीं हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सांबा के मुख्य कस्बे और आसपास की मंडियों और ग्रामीण इलाकों में पंजाब से लाई गई शराब बिना रोकटोक बेची रही है। लेकिन, इस मामले में अब तक पुलिस की कोई भूमिका सामने नहीं आई। सूत्रों ने बताया है कि कुछ लोग इस वक्त सांबा में सक्रिय हैं जो पंजाब से लाई शराब की एक बड़ी खेप सांबा में बेच रहे हैं। यह शराब केहली मंडी से सटे इलाकों, मुख्य बाजार, चक मंगा व आस-पास के कई ग्रामीण इलाकों में खूब बिक रही है।
कुछ समय पहले बंद पड़े कई कारखानों में पुलिस ने शराब जब्त की थी। अब एक बार फिर से तस्कर शहर में सक्रिय हो गए हैं। वहीं, ग्रामीण इलाकों में देसी शराब का कारोबार भी जोरों पर हैं, जो सीधा पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है। इस संबंध में एसएचओ सांबा सुधीर सढोत्रा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस शराब की अवैध बिक्री को रोकने का काम कर रही है, लेकिन इस संबंध में अब तक उनके पास कोई शिकायत नहीं पहुंची है। अगर किसी के पार इस पूरे मामले में कोई पुख्ता सूचना हो तो तस्करों तक पहुंचने में पुलिस का सहयोग करें।