रियासत के पारे में तेजी से उछाल आया है। मौसम साफ रहने से जम्मू फिर उबाल खा रहा है। चिलचिलाती धूप और तपिश से सड़कों पर सन्नाटा बढ़ने लगा है। भीषण गर्मी का बाजार पर भी असर दिख रहा है। बाजारों में दिन में खरीदारों की भीड़ गायब है। इंसानों के साथ जीव-जंतु परेशान हैं। शनिवार को जम्मू का दिन का पारा सामान्य से दो डिग्री चढ़कर 39.1 तक पहुंच गया।
घाटी के तापमान में भी 3-4 डिग्री बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में गर्मी जोर पकड़ेगी। हालांकि 9 मई को मौसम का मिजाज थोड़ा बदल सकता है। जम्मू में शनिवार को दिन की शुरुआत हल्के बादलों के साथ हुई। लेकिन दिन चढ़ने के साथ साफ हुए मौसम से दोपहर को सीधी धूप में निकलना मुश्किल हो रहा था। शहरी इलाकों के साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी तपिश बढ़ी है।
तपिश के साथ गर्म हवाओं से दिक्कतें बढ़ी हैं। श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में भी पारा सामान्य से तीन डिग्री चढ़कर 36.3 तक पहुंच गया है। घाटी के श्रीनगर, पहलगाम, गुलमर्ग जैसे ठंडे इलाकों में तपिश बढ़ी है। इस बीच दरबार मूव के लिए शनिवार को जम्मू से श्रीनगर के लिए एकतरफा यातायात बहाल रहा। रविवार को भी यही व्यवस्था रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार 9 मई के बाद से कुछ स्थानों पर बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है।