बुज़ुर्ग मरीज को वर्षों बाद मिला आराम, अब खुलकर खा और बोल पा रहा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। एम्स जम्मू के ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विभाग ने टीएमजे एंकिलोसिस (जबड़े की जकड़न) के दुर्लभ और जटिल मामले का सफल ऑपरेशन किया है। 62 वर्षीय मरीज कई वर्षों से मुंह न खोल पाने और जबड़े में दर्द की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे।
एम्स की जांच में सामने आया कि मरीज की नीचे की जबड़े की हड्डी और खोपड़ी के बीच लगभग 4 सेमी की हड्डी जम गई थी। इस जकड़न को हटाने के लिए एम्स जम्मू की विशेषज्ञ टीम ने इंटरपोजिशनल आर्थ्रोप्लास्टी तकनीक से इस जमे हुए हड्डी के टुकड़े को हटाया और बक्कल फैट पैड (गाल की चर्बी) को ग्राफ्ट के रूप में प्रयोग किया, जिससे दोबारा हड्डी जमने की संभावना न रहे। सर्जरी के बाद मरीज की रिकवरी सुचारु रही और अब वह धीरे-धीरे सामान्य खाना लेने में सक्षम हो रहा है। उसके लिए फिजियोथेरेपी का सिलसिला जारी है ताकि दीर्घकालीन सुधार सुनिश्चित किया जा सके। सर्जरी डॉ. अमनजोत कौर के नेतृत्व में डॉ. नंदकिशोर, डॉ. विश्वजीत और डॉ. रुपिंदर ने की। कार्यकारी निदेशक एम्स जम्मू डॉ. शक्ति कुमार गुप्ता ने इसे संस्थान की तकनीकी क्षमता का प्रमाण बताया।