एनआईटी श्रीनगर में लाठीचार्ज का विरोध शुक्रवार को भी जारी रहा। जम्मू से एनआईटी श्रीनगर जा रहे विद्यार्थियों को पुलिस ने नगरोटा में ही रोक दिया। पुलिस के साथ प्रदर्शनकारी छात्रों की जमकर धक्का-मुक्की हुई।
छात्रों ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे नाकाम कर दिया। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। शुक्रवार सुबह जम्मू विश्वविद्यालय से नेशनल स्टूडेंट एसोसिएशन के बैनर तले छात्रों ने जम्मू यूनिवर्सिटी के बाहर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन पर उतरे छात्र रैली की शक्ल में बिक्रम चौक तक पहुंच गए। यहां एक बस से छात्रों ने एनआईटी श्रीनगर जाने की कोशिश की। छात्रों की इस योजना का पुलिस को तब पता चला, जब वे भारत माता के जयघोष लगाते हुए फ्लाईओवर से नगरोटा की ओर निकल गए।