जम्मू विश्वविद्यालय द्वारा कठुआ कैंपस के साथ मिलकर ‘अनुष्ठान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन विवि के उपकुलपति आरडी शर्मा ने किया।
पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ शुरू किए गए कार्यक्रम में सबसे पहले गायन कला का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न वक्ताओं ने कार्यक्रम के बारे में और शिक्षा व्यवस्था पर अपनी राय रखी।
कार्यक्रम में उपकुलपति ने कहा कि वर्तमान में शिक्षा के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों को पाठ्यक्रम में जोड़ना आवश्यक हो गया है। ताकि विद्यार्थियों को शिक्षा बोझ न लगे और वह शिक्षा को समझकर हासिल करें।
उन्होंने कहा कि अनुष्ठान कार्यक्रम को शुरू करने के पीछे यही मकसद था कि तप और यज्ञ के माध्यम से विद्यार्थियों को जागृत किया जाए।
इसके साथ ही पहले दिन के कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एकल गायन, समूह गायन, संगीत यंत्र बजाने के साथ रंगोली भी बनाई। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियां देखकर सभी ने तालियां बजाकर हौसला बढ़ाया।
कठुआ कैंपस की रेक्टर नीलू रोमित्रा ने बताया कि कार्यक्रम के दूसरे दिन नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कालेजों के स्टाफ के सदस्य भी उपस्थिति रहे।