जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन करते छात्र।
जम्मू। बरनाई के अनुराधा हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने जम्मू-कश्मीर शिक्षा निदेशालय और जेके बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शनी मैदान में पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्राइवेट छात्रों ने बताया की 63 छात्रों ने अनुराधा हायर सेकेंडरी स्कूल में 12वीं की परीक्षा के लिए आवेदन जमा किए थे। कोरोना के कारण परीक्षा नहीं हो सकी तो शिक्षा निदेशालय ने सभी को मास प्रमोशन दे दी। मगर प्रदेश में अनुराध हाई स्कूल ही एक ऐसा स्कूल है, जिनके छात्रों को मास प्रमोशन नहीं मिली है। छात्रों का आरोप है कि स्कूल और बोर्ड प्रशासन की मिली भगत के कारण उनसे भारी भरकम फीस ली गई और उनके फार्म बोर्ड में जमा ही नहीं करवाए गए।
छात्रों ने बताया कि कोरोना के कारण प्रदेश के सभी बच्चों की मास प्रमोशन हो गई, लेकिन अनुराधा स्कूल के सभी 63 बच्चों के रिजल्ट की लिस्ट में नाम ही नहीं हैं। छात्रों ने बताया कि इसको लेकर स्कूल शिक्षा निदेशालय, एडीसी, डीसी से बात की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि जेके बोर्ड की चेयरमैन बीना पंडिता ने कहा कि उनके लिए मास प्रमोशन का कोई रास्ता नहीं बचा है और परीक्षाएं देनी होंगी।
छात्रों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि अगर प्रदेश के सभी बच्चों को मास प्रमोशन दी जाती है तो अनुराधा स्कूल के 63 बच्चों के साथ भेदभाव क्यों। उन्होंने इस मसले को लेकर उप राज्यपाल से गुहार लगाई है कि सभी 63 बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न कर उन्हें मास प्रमोशन दी जाए। इस मौके पर उसमान, विक्रम बाली, योगेश शर्मा, सुनील कुमार, विशाली जम्वाल, मुस्कान वसन, सपना चिब, आरती कोहली समेत अन्य छात्र मौके पर मौजूद रहे।