अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। एमबीबीएस में दाखिले के लिए हुई पहले राउंड की ऑनलाइन काउंसिलिंग में 1,512 छात्रों को सीट मिल गई है। एमबीबीएस और बीडीएस मिलाकर कुल 1,620 छात्रों को कॉलेज मिला है। इनमें 108 छात्र बीडीएस में दाखिला लेंगे। जेकेबोपी ने इसकी अस्थायी चयन सूची जारी कर दी है। सीटें प्रदेश के सभी अलग-अलग सरकारी मेडिकल कॉलेजों के साथ जम्मू के एक निजी मेडिकल कॉलेज में मिली हैं।
सूची को लेकर अगर किसी छात्र को सूची में अपने नाम, रैंक या मिली सीट को लेकर आपत्ति है तो वह आज यानी मंगलवार शाम पांच बजे तक जरूरी दस्तावेजों के साथ आपत्ति दर्ज करा सकता है। आपत्ति सही पाए जाने पर बोर्ड संशोधित सूची जारी करेगा। अगर कोई नई सूचना जारी नहीं होती है तो मौजूदा सूची को अंतिम माना जाएगा।
सीट पाने वाले छात्रों को वीरवार सुबह 11:30 बजे से सोमवार शाम 4:30 बजे तक संबंधित कॉलेज में पहुंचकर दाखिला लेना होगा। छात्रों को मूल प्रमाणपत्र और जरूरी दस्तावेज साथ ले जाने होंगे। जेकेबोपी पोर्टल से सीट मिलने का पत्र भी निकालना होगा। तय समय में दाखिला नहीं लेने पर मिली सीट रद्द हो जाएगी। बोर्ड ने दाखिले की प्रक्रिया ऑनलाइन रखी है।
-