जम्मू। जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में चौथे दिन भी पेयजल किल्लत जारी रही। सबसे ज्यादा परेशानी नरवाल, बठिंडी, नरवाल, कालका कॉलोनी, गंग्याल आदि इलाकों में आई। कर्मचारियों की हड़ताल के कारण पानी लिफ्ट करने में परेशानी हुई। कुछ इलाकों में ट्यूबवेलों पर ताले लटके रहे। स्टोरेज टैंकों में पानी नहीं भर पाया, इस कारण नलों में भी पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हुई।
मंगलवार को मोटर पंप, फिल्टरेशन टैंक, स्टोरेज टैंक में पानी की आपूर्ति कम हुई। स्थायी कर्मचारियों ने व्यवस्था का जिम्मा संभाला, कर्मचारियों की पर्याप्त संख्या न होने के कारण पूरे शहर में कई इलाकों में समस्या गहराई रही।
अधिकांश इलाकों में टैंकरों के लिए बुकिंग की गई, मगर पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। हालत यह रही कि फिलिंग स्टेशनों में निजी टैंकर पानी के लिए आते रहे, मगर कर्मचारी न होने के कारण खाली ही वापस लौटे। जलशक्ति विभाग के भी तीस टैंकर ही पेयजल किल्लत वाली जगहों में पहुंच पाए।
चौथे दिन भी सैनिक कॉलोनी में पानी नहीं आया। इस कारण टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति के लिए बुकिंग की गई, लेकिन एक बार ही टैंकर आया। अधिकांश घरों में पानी की किल्लत रही। पार्षद नरेंद्र जमवाल ने बताया कि जलशक्ति विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण समस्या विकराल होती जा रही है। लोगों की समस्या का हल उच्च अधिकारियों के माध्यम से करवाया जा रहा है। गंग्याल, नानक नगर और शास्त्री नगर में भी कुछ मोहल्लों में पेयजल किल्लत रही। ट्यूबवेल न चलने के कारण एक बार ही पानी की आपूर्ति हुई। इसके साथ ही पानी का प्रेशर भी कम रहा, जिस कारण जरूरत पूरी नहीं हो पाई। मंगलवार को भी करीब 130 टैंकर खड़े ही रहे। पुराना, मोती बाजार, रघुनाथ बाजार समेत अन्य जगहों में एक बार ही पानी आया।