जम्मू। जम्मू-कश्मीर रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन के कर्मचारियों ने मंगलवार को वेतन नहीं मिलने पर प्रबंधक और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। रेल हेड स्थिति जेकेएसआरटीसी यार्ड में वाहन चालकों और कर्मचारियों ने सरकार के रवैये की निंदा की। रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन वर्कर यूनियन के बैनर तले किए प्रदर्शन में कर्मचारियों ने कहा कि वे पिछले चार महीने से बिना वेतन काम कर रहे हैं। हर बार वेतन के लिए प्रदर्शन करना पड़ रहा है। यूनियन के प्रवक्ता मोहम्मद रियाज ने कहा कि यह दुखद है, कोविड काल में कारपोरेशन के चालक और सह-चालकों ने लगातार सेवाएं दी हैं। मुश्किल समय में लोगों को उनके घरों तक पहुंचाया है। सरकार इनाम देना तो दूर वेतन तक नहीं दे रही है। हर बार अधिकारी आश्वासन देते हैं, लेकिन मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। मंगलवार को जम्मू के साथ श्रीनगर में भी प्रदर्शन किया गया।