जम्मू। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड और भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन के सभी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरों ने एक दिवसीय टोकन हड़ताल की। ऑल जम्मू एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के आह़्वान पर एकजुट हुए डिस्ट्रीब्यूटरों ने नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। एजेंसियां बंद रहने से प्रदेश में सोमवार को 40 हजार से ज्यादा घरों में गैस की आपूर्ति नहीं हो पाई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों नीतिश महाजन और रणदीप मन्हास ने बताया कि गरीबों को मुफ्त कनेक्शन देने का फैसला सरकार का है। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत मुफ्त एलपीजी कनेक्शन के संबंध में अब क्राइम ब्रांच और पुलिस द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। हर रोज छह-छह घंटे जांच हो रही है। सरकारी सूची के आधार पर ही कनेक्शन वितरित किए गए हैं। पीएमयूवाई कनेक्शन पीएमओ और आयल कंपनी के दिशा निर्देशों के अनुसार ही वितरित किए हैं। डीलरों को क्राइम ब्रांच जम्मू और पुलिस बिना किसी कारण के ही परेशान कर रही है। इससे कामकाज काफी हद तक प्रभावित हो रहा है। इसी तरह बेरुखी चलती रही तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।