जम्मू में मास्क न पहनने वालों से पूछताछ करती पुलिस।
- फोटो : निखिल मेहता
शहर में कोविड की तीसरी लहर के बीच संक्रमण के बढ़ने के कारण अब पुलिस प्रशासन सख्त हो गया है। बिना मास्क आने वाले लोगों के चालान काट शुरू हो गए हैं। पहले दिन 80 से ज्यादा चालान काटे गए हैं। इसके अलावा पुलिस शहरों में भीड़ भाड़ वाले इलाकों, बाजारों, मेटाडोर स्टैंड में तैनात रही। इस दौरान बिना मास्क के आने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
वहीं, शहर में कारोना जांच केंद्रों के बाहर भी पुलिस तैनात रही। यहां से गुजरने वाले लोगों को टेस्ट करवाने के लिए कहा गया। टेस्ट न करवाने वाले और आनाकानी करने वाले लोगों के भी टेस्ट किए गए हैं। दोपहर दो बजे तक केंद्रों से लोग विकल्पित रास्तों से गुजरते रहे।
मेटाडोर स्टैंड पर भी बिना मास्क के बैठी सवारियों से दिनभर पूछताछ होती रही। चालकों और परिचालकों को भी नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बिना मास्क की सवारियां को वाहनों में नहीं बिठाने की हिदायत भी दी गई। पुलिस की सख्ती के कारण देर शाम तक बाजारों में आने वाले लोग मास्क पहनने हुए दिखाई दिए।
वाहन चालकों से मास्क और सैनिटाइजर के लिए पूछताछ हुई। पुराने शहर के मुख्य बाजारों में भीड़ रही। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन में भी पुलिस ने सख्ती रखी। मंगलवार से पुलिस मास्क नहीं पहनने वाले लोगों का चालान करेगी। इस बारे में पुलिस ने मोबाइल वैन के माध्यम से घोषणा भी की। शहर में कारोना संक्रमण के नए मामलों में इजाफा हुआ है। बाजारों में लोग नियमों को ताक पर रख रहे हैं।
कार्रवाई के कारण कई जगह लगा जाम
कार्रवाई के दौरान सड़कों में जाम की स्थिति भी रही। पुराना शहर, बीसी रोड, बिक्रम चौक, नरवाल समेत अन्य जगहों में जाम की स्थिति रही। जांच के बाद ही पुलिस ने वाहनों को जाने दिया है।
बिना मास्क घूमने वाले लोगों के चालान करने के आदेश दिए गए हैं। संक्रमण बढ़ रहा है। लोग ध्यान रखें और मास्क पहनें। नियमों की अवहेलना करने पर चालान किया जाएगा।
- चंदन कोहली, एसएसपी, जम्मू