रामगढ़ के चक बागला में आवारा कुत्तों ने चार वर्षीय मासूम को नोच-नोच कर मार डाला। मृत बच्ची की पहचान आहु (4) पुत्री मांशु निवासी चक बागला के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत है। लोगों ने प्रशासन से उचित कदम उठाने की मांग की है।
मंगलवार सुबह आहु की मां दूध निकालने के लिए मवेशी बाड़े की तरफ चली गई। इसके जाते ही आहु भी उठ गई और मां के पीछे-पीछे निकल पड़ी। जैसे ही वह आंगन में पहुंची तो आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर धावा बोल दिया और मासूम को जबड़ों में दबा कर खेतों की तरफ भाग निकले।
मासूम की चीखें सुनकर परिजन भी कुत्तों के पीछे भागे और उसे बचाने की कोशिश की। मगर मासूम आहु ने दम तोड़ दिया। इसके बाद विजयपुर स्थित थलोड़ा कब्रिस्तान में उसे सपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। डीसी सांबा सुषमा चौहान ने घटना की जानकारी मिलने के बाद उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया है। चक बागला में पेश आई इस घटना से लोग पूरी तरह से सहमे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।