कश्मीर में लगातार हो रहे टारगेट किलिंग को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वीरवार को श्रीनगर के सरायबल्ला इलाके में सुरक्षाबलों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सभी दुकानों को बंद करवाकर छापे मारे। पूरे इलाके को सुरक्षाबलों ने हाई अलर्ट पर रखा है।
कश्मीर में लगातार हो रहे टारगेट किलिंग को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वीरवार को श्रीनगर के सरायबल्ला इलाके में सुरक्षाबलों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सभी दुकानों को बंद करवाकर छापे मारे। इस बीच दुकानदारों और वहां काम करने वाले लोगों की तलाशी ली गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में कुछ देर के लिए हलचल तेज हो गई। दरअसल कश्मीर में एक सप्ताह के भीतर दो लोगों की हत्या और ग्रेनेड हमले हो चुके हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में हुए हमलों के बाद सुरक्षा अचानक बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन
सोमवार को डाउनटाउन इलाके के बोरी कदल में कश्मीरी पंडित की दुकान पर काम करने वाले सेल्समैन बांदीपोरा निवासी निवासी मोहम्मद इब्राहिम खान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आतंकियों ने इब्राहिम को निशाना बनाकर करीब से फायरिंग की। वीरवार को हुई तलाशी अभियान को भी इस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। रविवार को एसडी कालोनी इलाके में आतंकियों ने पुलिसकर्मी तौसीफ अहमद (29) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) में तैनात थे।
सीआरपीएफ की पांच अन्य कंपनियां होंगी तैनात
घाटी में लगातार हो रही हत्याओं को देखते हुए केंद्र सरकार कश्मीर में सीआरपीएफ की पांच और कंपनियां तैनात करने जा रही है। इससे पहले अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त 50 कंपनियां भेजी जा चुकी हैं। धरातल पर सुरक्षा बलों की मौजूदगी दिखाने की रणनीति के तहत अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है।